CG News: छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल द्वारा आयोजित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा (नवंबर 2025) का परिणाम 19 दिसंबर 2025 को घोषित कर दिया गया है। परीक्षा में शामिल हुए छात्र-छात्राएं अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट https://www.sos.cg.nic.in एवं https://www.result.cg.nic.in पर जाकर देख सकते हैं।

हाई स्कूल परीक्षा में कुल 12,694 छात्रों का पंजीयन हुआ था, जिसमें से 11,665 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। विभिन्न कारणों से 03 परीक्षार्थियों का परिणाम रोका गया है, जबकि 11,662 छात्रों का परीक्षा परिणाम जारी किया गया। हाई स्कूल परीक्षा में कुल 43.44 प्रतिशत विद्यार्थी सफल घोषित किए गए हैं।
वहीं हायर सेकेंडरी परीक्षा में कुल 9,681 छात्रों का पंजीयन हुआ था, जिनमें से 9,034 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 1,733 छात्र RTD योजना के अंतर्गत सम्मिलित थे। 04 परीक्षार्थियों का परिणाम रोका गया है, जबकि 7,297 छात्रों का परीक्षा परिणाम जारी किया गया। हायर सेकेंडरी परीक्षा में कुल 59.44 प्रतिशत छात्र सफल रहे हैं।

परीक्षा में अनुत्तीर्ण छात्र आगामी मार्च–अप्रैल 2026 परीक्षा के लिए अपने अध्ययन केंद्र में आवेदन कर सकते हैं। सामान्य शुल्क के साथ आवेदन की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है, जबकि विलंब शुल्क के साथ 18 जनवरी से 25 जनवरी 2026 तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
