Raipur News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 22 और 23 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर तैयारियों की समीक्षा के लिए लोकभवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना की अध्यक्षता में हुई बैठक में लोकभवन परिसर की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान बैठक व्यवस्था, पार्किंग, बिजली, इंटरनेट सुविधा सहित अन्य जरूरी इंतजामों पर चर्चा की गई।
बैठक में राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और प्रोटोकॉल के अनुसार वाहनों की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से पूरी करने कहा गया, ताकि प्रवास के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
बैठक में जनसंपर्क विभाग के संचालक आशीष कुमार टिकरिहा, रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम रायपुर, सामान्य प्रशासन विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
