CG Mental Hospital: सेंदरी मानसिक चिकित्सालय में मरीज ने की आत्महत्या, बाथरूम में लगाई फांसी

CG Mental Hospital

CG Mental Hospital: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के एकमात्र शासकीय मानसिक चिकित्सालय सेंदरी में भर्ती एक मरीज ने बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना मिलने पर कोनी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान लखन लाल साव (35) पिता स्वर्गीय ईश्वर साव निवासी ग्राम बरना जिला महासमुंद के रूप में हुई है। उसे एक दिन पहले ही इलाज के लिए सेंदरी मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को वह बाथरूम गया और वहां रोशनदान में गमछा बांधकर फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

छत्तीसगढ़ मैदानी स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के महामंत्री मुन्ना लाल निर्मलकर ने आरोप लगाया है कि अस्पताल के संचालन पर हर साल लाखों रुपए खर्च किए जाते हैं, लेकिन मरीजों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का यह एकमात्र शासकीय मानसिक चिकित्सालय है, जहां अलग-अलग जिलों से मरीज इलाज के लिए आते हैं, इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था कमजोर है।

कोनी थाना प्रभारी भावेश शेंडे ने बताया कि महासमुंद से आया मरीज लखन लाल साव एक दिन पहले ही इलाज के लिए भर्ती हुआ था। उसने पहले भी दो-तीन बार आत्महत्या का प्रयास किया था। मरीज के साथ उसकी पत्नी टेंडर के रूप में मौजूद थी। गुरुवार सुबह मोबाइल को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान मरीज बाथरूम में गया और फांसी लगा ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *