CG Holi Liquor Sale: होली के मौके पर छत्तीसगढ़ में शराब की बिक्री ने नया रिकॉर्ड बना दिया। प्रदेश में होली के दो दिनों के दौरान मदिरा प्रेमियों ने 179 करोड़ रुपये से अधिक की देसी और विदेशी शराब की खरीदारी की।
आबकारी विभाग के आंकड़ों के अनुसार होली से एक दिन पहले 3 मार्च को ही 128 करोड़ रुपये से अधिक की शराब की बिक्री हुई, जो सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना ज्यादा है। वहीं 5 मार्च को भी 51 करोड़ रुपये से अधिक की शराब की बिक्री दर्ज की गई।

स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन के एमडी पदुम सिंह एल्मा ने बताया कि सामान्य दिनों में प्रदेश में शराब की औसतन लगभग 40 करोड़ रुपये की बिक्री होती है, लेकिन होली के कारण मांग में काफी बढ़ोतरी हुई। उन्होंने बताया कि 3 और 5 मार्च को मिलाकर कुल 179 करोड़ रुपये से अधिक की देसी और विदेशी मदिरा की बिक्री दर्ज की गई है।
रायपुर में 58 करोड़ 10 लाख के दारू पी गए मदिरा प्रेमी
राजधानी रायपुर में भी होली के दौरान शराब की जमकर खरीदारी हुई। जिले में चार दिनों के भीतर करीब 58 करोड़ 10 लाख रुपये की शराब की बिक्री हुई, जो पिछले साल की तुलना में लगभग 91 लाख रुपये अधिक है।

आंकड़ों के अनुसार 1 मार्च को रायपुर में 12 करोड़ 11 लाख रुपये की शराब बिकी। इसके बाद 2 मार्च को 15 करोड़ 94 लाख रुपये और 3 मार्च को होली से एक दिन पहले 21 करोड़ 73 लाख रुपये की शराब की बिक्री हुई। होली के दिन 4 मार्च को शराब दुकानें बंद थीं, लेकिन अगले दिन 5 मार्च को भी 8 करोड़ 31 लाख रुपये की शराब की बिक्री दर्ज की गई।
