Vidhansabha Winter Session: विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू, जानें 4 दिन के सत्र में क्या होगा खास?

CG Vidhansabha Winter Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो गया है। नवनिर्मित विधानसभा भवन में आयोजित यह सत्र 14 से 17 दिसंबर तक चलेगा। सत्र के पहले ही दिन सदन में राजनीतिक गर्माहट देखने को मिल रही है। आज ‘विजन 2047’ विषय पर विशेष चर्चा प्रस्तावित है, लेकिन कांग्रेस ने इस विषय पर चर्चा से बाहर रहने का निर्णय लेते हुए पहले दिन की कार्यवाही का बहिष्कार कर दिया है।

 

4 दिन के सत्र में क्या-क्या होगा ?

 

चार दिवसीय सत्र में कुल चार बैठकें होंगी। इस दौरान सदन में 628 प्रश्नों की सूचना प्राप्त हुई है, जिनमें 333 तारांकित और 295 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इनमें से 99.17 प्रतिशत प्रश्न ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा 48 ध्यानाकर्षण सूचनाएं, एक लोक महत्व के विषय पर चर्चा, 9 अशासकीय संकल्प, 4 शून्यकाल और 77 याचिकाओं पर विचार किया जाएगा।

 

16 दिसंबर को अनुपूरक अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। इसी दिन छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना (नियोजन एवं सेवा शर्तों का विनिमय) संशोधन विधेयक 2025 को विधानसभा में पारित किए जाने की संभावना है। साथ ही विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रतिवेदन भी सदन के पटल पर रखे जाएंगे।

 

वहीं, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत की अध्यक्षता में हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में यह फैसला लिया गया कि ‘विजन 2047’ विषय पर कांग्रेस चर्चा में हिस्सा नहीं लेगी। इसके तहत कांग्रेस विधायकों ने सत्र के पहले दिन की कार्यवाही का बहिष्कार किया है। इससे सत्र की शुरुआत ही राजनीतिक टकराव के साथ हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *