रायपुर। CG : किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार ने धान विक्रय प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं पारदर्शी बना दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर तूहर टोकन ऐप को अब 24×7 उपलब्ध कर दिया गया है, जिससे टोकन काटने के लिए किसी निर्धारित समय की बाध्यता समाप्त हो गई है। अब किसान दिन-रात किसी भी समय अपनी सुविधा के अनुसार मोबाइल एप से टोकन बुक कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निर्णय से धान विक्रय की बेहतर योजना बनेगी और भीड़ व तकनीकी दबाव की समस्या से भी किसानों को राहत मिलेगी।
बता दें कि अब किसान 13 जनवरी तक अगले 20 दिनों तक के लिए टोकन ले सकते हैं।इससे किसानों को धान विक्रय की योजना बनाने और टोकन प्राप्त करने में पर्याप्त समय मिलेगा तथा भीड़ और तकनीकी दबाव की समस्या से राहत मिलेगी। राज्य सरकार द्वारा इसके साथ ही 2 एकड़ एवं 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसान अब 31 जनवरी तक तूहर टोकन ऐप से टोकन ले सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि टोकन प्रत्येक सहकारी समिति को आबंटित सीमा के भीतर ही जारी किए जाएंगे। किसानों से आग्रह है कि वे समय रहते तूहर टोकन ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त करें और किसी भी असुविधा से बचें।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि “किसानों की सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तूहर टोकन ऐप को 24×7 खोलने और समय की बाध्यता समाप्त करने का निर्णय इसी सोच का परिणाम है। अब किसान बिना किसी दबाव के, अपनी सुविधा अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे। 2 एकड़ एवं 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसानों के लिये टोकन की अतिरिक्त समय सीमा और अवधि का विस्तार किसानों को वास्तविक राहत देगा। राज्य सरकार किसान हित में हर संभव कदम उठाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
किसान कैसे करें एप का उपयोग
तुहर टोकन हाथ मोबाइल एप में किसान पंजीकरण नंबर या आधार नंबर से लॉगइन करें, जिसके बाद ओटीपी से सत्यापन पूरा करें, सोसायटी का नाम, खरीदी केंद्र और धान की मात्रा भरें, बुकिंग के बाद किसान को टोकन नंबर और तारीख दिखाई देगी, जिसके बाद किसान तय तारीख पर उसी टोकन के साथ खरीदी केंद्र पहुंचकर धान विक्रय करना होगा.
