CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटों में कमजोर पड़ेगी शीतलहर, ठंड से राहत की उम्मीद

CG Weather Update

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में ठंड से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में प्रदेश में शीतलहर का प्रभाव कमजोर पड़ने की संभावना है। हवा की दिशा में मामूली बदलाव के चलते न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, हालांकि ठंड का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं होगा।

फिलहाल रायपुर और बिलासपुर को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। रात के समय कड़ाके की ठंड के बाद सुबह-सुबह खुले इलाकों में घनी धुंध छा रही है, जो धूप निकलने के काफी देर बाद तक बनी रहती है। सरगुजा संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों में ठंड का असर सबसे अधिक देखा जा रहा है, जहां जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

बिलासपुर और रायपुर के बाहरी इलाकों में भी शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। दुर्ग जिले में तापमान सामान्य से करीब 6 डिग्री कम दर्ज किया गया है, जिससे लोगों को तेज ठंड का सामना करना पड़ रहा है। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी जरूर हुई है, लेकिन ठंड में खास कमी नहीं आई है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में शीतलहर का दायरा घटेगा, लेकिन सर्द मौसम का असर बना रहेगा। सुबह के समय धुंध के कारण दृश्यता कम हो रही है, जिसको देखते हुए बाहरी इलाकों में वाहनों की गति सीमित रखने की सलाह दी गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में शीतलहर चली, जबकि अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

आज रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में रविवार सुबह धुंध छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *