CG News: बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला और दुखद मामला सामने आया है, जहां ठगों के जाल में फंसकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली। यह मामला सकरी थाना क्षेत्र का है, जिसमें ठगों ने युवक को अजीबोगरीब ऑफर देकर बैंक खाते खुलवाए और बाद में उन्हीं खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध में किया।
जानकारी के अनुसार सकरी निवासी कामेश्वर निर्मलकर को एक एटीएम कार्ड मिला था, जिस पर एक मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। जब युवक ने उस नंबर पर कॉल किया तो सामने वाले व्यक्ति ने उसे एक हैरान करने वाला ऑफर दिया। ठगों ने एक युवती को प्रेग्नेंट करने के बदले मुंह मांगी रकम देने का लालच दिया। इसके लिए शर्त रखी गई कि युवक बैंक में खाता खुलवाकर उसकी पूरी जानकारी व्हाट्सएप पर भेजे।
लालच में आकर युवक ने पहले पंजाब नेशनल बैंक और फिर केनरा बैंक में खाता खुलवाया और खाते की डिटेल ठगों को भेज दी। इसके कुछ ही दिनों बाद इन खातों में बड़ी रकम का लेन-देन शुरू हो गया, जिसे तुरंत दूसरे खातों में ट्रांसफर किया जाने लगा।
बैंक अधिकारियों को इस असामान्य गतिविधि पर शक हुआ और उन्होंने युवक को पूछताछ के लिए बुलाया। तब उसे पता चला कि उसके खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी में किया जा रहा है। यह जानकारी मिलते ही युवक गहरे मानसिक तनाव में आ गया और चार दिन बाद ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली।
पूरा मामला जुलाई 2023 का बताया जा रहा है। पुलिस ने अब आत्महत्या के लिए उकसाने और साइबर ठगी से जुड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और ठगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
