CG News: नवोदय विद्यालय में छात्रों की बेरहमी से पिटाई, वार्डन ने लोहे की रॉड से मारा, परिजनों में उबाल

जगदलपुर (बस्तर) : छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित नवोदय विद्यालय एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। जहां वार्डन पर सात छात्रों को लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। घटना के बाद से विद्यालय प्रबंधन मौन, जबकि छात्रों के परिजन आक्रोशित हैं।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना सोमवार रात की है, जब हॉस्टल में बिजली चली गई थी। अंधेरे में छात्र अपने कमरे में नाच-गाना कर रहे थे, इसी दौरान वार्डन अचानक पहुंचा और छात्रों पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। पिटाई इतनी बुरी थी कि छात्रों के शरीर पर गंभीर चोटें और गहरे निशान आए हैं।

 

घटना के अगले दिन छात्रों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन विद्यालय प्रबंधन ने इस पूरे मामले पर न कोई जानकारी दी और न ही किसी प्रकार की कार्रवाई की बात मानी। परिजनों को भी इस घटना की जानकारी स्कूल से नहीं, बल्कि अस्पताल से मिली, जिसके बाद वे गुस्से में विद्यालय पहुंचे और हंगामा किया।

 

वार्डन पर सख्त कार्रवाई की मांग

छात्रों के अभिभावकों ने इस घटना को अमानवीय बताते हुए कहा कि स्कूल प्रशासन की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दोषी वार्डन पर तत्काल बर्खास्तगी और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

DEO ने दिए जांच के आदेश

फिलहाल, मामले को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने जांच की बात कही है। छात्रों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई तय की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *