CG Vidhansabha Winter Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आज दूसरा दिन है। रविवार से शुरू हुए इस सत्र में पहले ही दिन सियासी माहौल गर्म रहा, वहीं आज भी सदन में तीखी बहस और हंगामे के आसार हैं। प्रदेश से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को लेकर विपक्ष सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में है।
बता दें, नवनिर्मित अटल नगर स्थित विधानसभा भवन में चल रहे इस सत्र के लिए कुल 628 प्रश्न लगाए गए हैं, जिनमें 333 तारांकित और 295 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा 48 ध्यानाकर्षण सूचनाएं भी दी गई हैं। सत्र की अवधि भले ही कम हो, लेकिन मुद्दों की भरमार के चलते सदन की कार्यवाही काफी गहमागहमी भरी रहने वाली है।

धान खरीदी पर स्थगन प्रस्ताव की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, आज विपक्ष प्रदेश में धान खरीदी व्यवस्था की बदहाली को लेकर स्थगन प्रस्ताव ला सकता है। विपक्ष का आरोप है कि खरीदी केंद्रों पर अव्यवस्था, तौल में गड़बड़ी और किसानों को हो रही परेशानियों पर सरकार जवाब देने में विफल रही है। इस मुद्दे पर विपक्ष सरकार से सीधे जवाब की मांग करेगा।
आने वाले दिनों में नई गाइडलाइन दरों और कानून-व्यवस्था जैसे विषयों पर भी स्थगन प्रस्ताव लाने की रणनीति बनाई गई है। खास बात यह है कि सत्तापक्ष के कई विधायक भी अपने-अपने क्षेत्रों में धान खरीदी की समस्याओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

संशोधन विधेयक और अनुपूरक बजट होगा पेश
आज सदन में छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना (नियोजन एवं सेवा शर्तों का विनियमन) संशोधन विधेयक पेश किया जाएगा। साथ ही मौजूदा वित्तीय वर्ष के लिए प्रथम अनुपूरक बजट भी सदन के पटल पर रखा जाएगा।
यदि सरकार की ओर से ठोस जवाब नहीं आया तो सदन में गतिरोध की स्थिति बन सकती है। शीतकालीन सत्र 119 दिसंबर तक चलेगा और आने वाले दिनों में सियासी टकराव और तेज होने के संकेत हैं।
