Bilaspur Murder: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दो साल पहले हुए एक ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मां के साथ अवैध संबंध के शक में बेटे ने अपने दोस्त के साथ मिलकर एक अधेड़ की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया था, ताकि यह हादसा लगे।

दरअसल, साल 2023 में दोमुहानी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर अधेड़ का शव मिला था। ग्रामीणों ने पहले इसे आत्महत्या या ट्रेन हादसा समझा, लेकिन जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जिस ट्रैक पर शव मिला, उस पर ट्रेन का परिचालन शुरू ही नहीं हुआ था। शव के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।

पुलिस जांच में मृतक की पहचान हेमू नगर के आवासपारा निवासी विनोद दास (45) के रूप में हुई। जांच के दौरान पता चला कि विनोद की इमलीपारा की एक महिला से नजदीकियां थीं। पूछताछ में महिला ने बताया कि वारदात के दिन विनोद उससे मिलने आया था, तभी उसका बेटा कृष्णा पासी (24) और दोस्त मनोज पाल उर्फ धन्ना (21) वहां पहुंच गए।

दोनों ने विनोद को पहले पीटा, फिर बाइक पर बैठाकर लालखदान ले गए, जहां लोहे की रॉड से हमला कर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद दोनों ने अपने तीसरे साथी मोहन की मदद से शव को दोमुहानी रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया और पत्थर से सिर कुचल दिया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कृष्णा पासी और मनोज पाल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी मोहन फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
