CG Rain Alert: खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में चक्रवाती तूफान अक्वान के असर से शुक्रवार सुबह से कई इलाकों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग की ओर से 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने धान खरीदी केंद्रों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।
जिले के सभी 72 धान खरीदी केंद्रों के प्रभारियों को खुले में रखे धान को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ कहा है कि लापरवाही के कारण धान भीगकर खराब हुआ तो संबंधित समिति प्रबंधक और केंद्र प्रभारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे।
धान को तिरपाल और कैप कवर से ढकने के निर्देश
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में धान खरीदी जारी है। केंद्रों में रखे धान के बोरों को पर्याप्त मात्रा में तिरपाल, पन्नी और कैप कवर से ढकना अनिवार्य किया गया है।
प्रशासन ने तेज हवा के दौरान कवर उड़ने से बचाने के लिए उसे रस्सियों से मजबूती से बांधने और धान के बोरों के नीचे जल निकासी के लिए डनेज लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा खरीदी केंद्रों के आसपास की नालियों की सफाई कर बारिश के पानी की निकासी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
22 नवंबर तक केंद्रों पर निगरानी के निर्देश
अपर कलेक्टर ने सभी केंद्र प्रभारियों और समिति कर्मचारियों को 22 नवंबर तक मुख्यालय में रहकर धान की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। बारिश के दौरान धान की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और किसी भी स्थिति में नुकसान नहीं होने देने को कहा गया है।
प्रभारी खाद्य अधिकारी देवेंद्र बग्गा ने बताया कि जिले के सभी 72 धान खरीदी केंद्रों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में धान खरीदी का काम लगातार जारी है।


