Baloda Bazar News: TI ने आदिवासी युवक को पीछे से मारी लात, कूल्हे में फूटी शराब की बोतल, अस्पताल में इलाज जारी

Baloda Bazar News:

Baloda Bazar News: बलौदाबाजार जिले में पुलिस के नशा मुक्ति अभियान के दौरान एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कोतवाली थाना प्रभारी (TI) ने एक आदिवासी युवक को लात मार दी, जिससे उसकी जेब में रखी शराब की बोतल फूट गई और उसके कूल्हे में गहरी चोट आ गई। घायल युवक का इलाज जिला अस्पताल में जारी है, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस घटना को लेकर कांग्रेस ने थाना प्रभारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

युवक का आरोप – TI ने पीछे से मारी लात

घटना बीती रात की बताई जा रही है। घायल युवक हितेश्वर भट्ट ने बताया कि वह रात करीब 9 बजे रिसदा रोड स्थित दुकान में सिगरेट पी रहा था और पैंट की पिछली जेब में शराब की छोटी शीशी रखी थी। उसी दौरान कोतवाली थाना प्रभारी अजय झा (TI Ajay Jha) अपनी टीम के साथ पहुंचे। पुलिस को देखकर लोग भागने लगे, इसी बीच थाना प्रभारी ने पीछे से लात मारी जिससे बोतल फूट गई और उसके शरीर में कांच के टुकड़े घुस गए। पीड़ित ने बताया कि उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां 14 टांके लगे हैं।

पुलिस का बयान

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि बलौदाबाजार पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी दरमियान कल कोतवाली पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान रिसदा रोड में शराब पीने-पिलाने का काम हो रहा था। जिसे देखकर पुलिस द्वारा दौड़ाया गया, जिसमें पीड़ित हितेश्वर भट्ट, जो कि अपने पैंट के पिछले हिस्से में शराब की बोतल रखे था, वह फूट गया, जिससे चोट पहुंची है। जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है, खतरे से बाहर है। आगे प्रार्थी की जैसी शिकायत होगी, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित की मां रानी भट्ट ने कहा कि उसका लड़का दुकान में खड़ा था। इसी दौरान पुलिस आ गई और मारपीट कर दी, जिससे बेटे को काफी चोट आई है। अभी आवेदन दे रहे हैं और मामले में कार्रवाई चाह रहे हैं।

जिला युवक कांग्रेस के अध्यक्ष शैलेन्द्र बंजारे ने कहा कि आदिवासी युवक के साथ पुलिस अत्याचार कर रही है। मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाई गई है। यहां के थाना प्रभारी अपनी दबंगई दिखा रहे हैं। उन पर तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने बताया कि पीड़ित हितेश्वर भट्ट के कमर के नीचले हिस्से में चोट आई है इलाज किया जा रहा है। अभी उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।
बता दें कि जिले में मुख्यमंत्री की मंशानुरूप पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है तथा जहां की घटना है वहां अक्सर शराब पिलाई जाती है, जिस पर पुलिस कार्रवाई कर रही थी। पुलिस को देखकर वहां खड़े लोग भागने लगे, इसी दौरान हितेश्वर भट्ट भी था जिसे चोट लगी है। आपको यह भी बता दें कि कोतवाली थाना प्रभारी बलौदाबाजार-10 जून आगजनी की घटना के बाद लगातार कार्रवाई किए हैं, जिससे वे हिट लिस्ट में हैं। देखना अब यह होगा कि पुलिस आगे क्या कार्रवाई करती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *