Raipur Breking: औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की अनदेखी ने एक और परिवार का सहारा छीन लिया। उरला स्थित लक्ष्मीनारायण रोलिंग मिल में रविवार को हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में बिना सुरक्षा उपकरण के काम कराए जाने के चलते 25 वर्षीय श्रमिक मनोहर साहू करीब 30 फीट की ऊंचाई से गिर पड़ा। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए।
बिना सुरक्षा उपकरण के कराया जा रहा था काम
ग्रामीण अछोली निवासी मनोहर साहू पिता श्रवण साहू, लक्ष्मीनारायण रोलिंग मिल में वेल्डर के रूप में काम करता था। रविवार को वह ऊंचाई पर वेल्डिंग कर रहा था, तभी करंट लगने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। हादसे के बाद सहकर्मियों ने तत्काल उसे एनकेडी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मां-बेटी के आंसू नहीं थम रहे
मनोहर की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी वृद्ध मां और गर्भवती पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मनोहर की पत्नी ने अभी अपने बच्चे को जन्म भी नहीं दिया था और उससे पहले ही बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया।
धरने पर बैठे परिजन और ग्रामीण
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण थाने के सामने धरने पर बैठ गए। मृतक के बड़े भाई ने आरोप लगाया कि – मिल प्रबंधन की लापरवाही के कारण मेरे भाई की जान गई है। बिना सुरक्षा बेल्ट और उपकरण के ऊंचाई पर काम कराया जा रहा था। हम मांग करते हैं कि मिल मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए और परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
