Raipur Ganesh Visarjan 2025: गणेश चतुर्थी के उपरांत 6 सितंबर अनंत चतुर्दशी को शहरभर से लाई गईं श्रीगणेश प्रतिमाओं का विसर्जन इस वर्ष भी खारून नदी के महादेव घाट स्थित विसर्जन कुंड में किया जाएगा। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने विस्तृत आदेश जारी किए हैं।

शोभायात्रा का रूट तय
आयुक्त ने बताया कि विसर्जन शोभायात्रा शारदा चौक से प्रारंभ होकर जयस्तंभ चौक, कोतवाली, सदर बाजार, कंकाली तालाब, पुरानी बस्ती, लाखे नगर, सुन्दर नगर से होते हुए महादेव घाट पहुंचेगी। इस दौरान लाखे नगर चौक से महादेव घाट तक वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी।
नदी में विसर्जन पर रोक, केवल कुंड का उपयोग (Mahadev Ghat Ganesh Visarjan Raipur)
NGT (नेशनल ग्रीन ट्रिब्युनल) के निर्देशों के अनुरूप इस बार भी नदी में प्रतिमाओं का प्रत्यक्ष विसर्जन प्रतिबंधित रहेगा। प्रतिमाओं को केवल निर्मित कुंड में ही विसर्जित किया जाएगा, ताकि नदी का जल प्रदूषित न हो। साथ ही पूजन सामग्री को अलग स्थान पर एकत्रित कर निस्तारित किया जाएगा।

व्यवस्थाओं की तैयारी शुरू (NGT order Raipur)
नगर निगम ने गणेश विसर्जन की संपूर्ण व्यवस्था के लिए समिति गठित की है। नोडल अधिकारी अपर आयुक्त विनोद पांडेय होंगे। समिति में विद्युत, स्वास्थ्य, जल आपूर्ति, सुरक्षा, चिकित्सा और सफाई विभाग के अधिकारी शामिल रहेंगे।
विसर्जन स्थल पर गोताखोर, मोटरबोट, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार केंद्र, अग्निशमन वाहन और पंडितों की व्यवस्था की जाएगी। वहीं मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत, साफ-सफाई और पेयजल टैंकरों की भी व्यवस्था की जा रही है।

आयुक्त ने सभी जोन कमिश्नरों और अधिकारियों को 6 से 12 सितंबर तक ड्यूटी पर रहने के निर्देश दिए हैं। शहर के अन्य तालाबों में विसर्जन न हो, इसके लिए अस्थायी कुंड भी बनाए जाएंगे।
नगर निगम (Raipur Nagar Nigam Ganesh Visarjan) की प्रशासनिक समिति में अपर आयुक्त विनोद पांडेय (नोडल अधिकारी), प्रभारी अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, प्रभारी अधीक्षण अभियंता राजेश नायडू, नगर निवेशक आभास मिश्रा, जोन-8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल, जोन-6 कमिश्नर हितेंद्र यादव और उपायुक्त स्वास्थ्य प्रीति सिंह को शामिल किया गया है। यह समिति विसर्जन स्थल पर शामियाना, लाइट, माइक, गोताखोर और चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करेगी।
