Ganesh Visarjan 2025 : बिलासपुर में इस बार गणेश विसर्जन को लेकर प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। नदियों और तालाबों में प्रत्यक्ष विसर्जन करने पर पूर्ण रोक लगाते हुए नगर निगम और ग्राम पंचायत स्तर पर अस्थायी कुंडों के निर्माण के निर्देश जारी किए गए हैं। इसका उद्देश्य जल प्रदूषण रोकना और पर्यावरण का प्राकृतिक संतुलन बनाए रखना है।

गणेश विसर्जन नियम (Ganesh Visarjan rules Bilaspur)
अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने बताया कि सार्वजनिक गणेशोत्सव समितियों की प्रतिमाओं का विसर्जन केवल अस्थायी कुंडों में ही किया जाएगा। वहीं घरों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन भी प्रशासनिक निगरानी में कराया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं, जो विसर्जन कार्य पर नजर रखेंगी।

नदियों-तालाबों में गणेश विसर्जन प्रतिबंधित (Bilaspur Ganesh Visarjan Guidelines)
गौरतलब है कि गणेशोत्सव के दौरान हजारों प्रतिमाएं स्थापित होती हैं और विसर्जन के समय सीधे नदियों और तालाबों में विसर्जन से जल स्रोत प्रदूषित हो जाते हैं। इस बार प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कोई भी व्यक्ति या समिति प्रत्यक्ष रूप से नदी या तालाब में प्रतिमा विसर्जन नहीं करेगी।

