Raigarh News: छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एसीबी-ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो) की टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है। रायगढ़ जिले में आबकारी विभाग के उप निरीक्षक संतोष कुमार नारंग को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
मामला कैसे शुरू हुआ? (Sub Inspector Santosh Kumar Narang)
यह पूरा मामला 20 अगस्त 2025 से जुड़ा है। धर्मजयगढ़ निवासी सुनीत टोप्पो ने एसीबी बिलासपुर यूनिट में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 19 अगस्त को उप निरीक्षक नारंग ग्राम पंडरी महुआ पहुंचे और शिकायतकर्ता के घर पर अवैध शराब बनाने का आरोप लगाया। इसी दौरान उन्होंने शिकायतकर्ता की मां से भी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए।
आरोप है कि नारंग ने कड़ी कार्रवाई से बचाने के लिए 50 हजार रुपए की मांग की। इस पर सुनीत टोप्पो ने एसीबी से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।

एसीबी का ट्रैप प्लान (ACB Trap Raigarh)
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। निर्धारित योजना के अनुसार, 30 अगस्त 2025 (शनिवार) को शिकायतकर्ता को तय राशि लेकर खरसिया स्थित आबकारी कार्यालय भेजा गया। यहां जैसे ही आरोपी उप निरीक्षक ने 50 हजार रुपए की रिश्वत ली, एसीबी की टीम ने तुरंत दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार (Sub Inspector Arrested)
एसीबी (Raigarh ACB Raid) ने मौके से 50 हजार रुपए की पूरी रकम जब्त की और आरोपी को हिरासत में लेकर दस्तावेजी कार्रवाई पूरी की। बाद में उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज किया गया।
