रायपुर: रायपुर के ग्राम बेन्द्री स्थित गिट्टी खदान के पास हुए अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने कुछ घंटों में सुलझा ली है। प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने अपने ही बचपन के दोस्त की हत्या कर शव को बोरी में भरकर खदान की डबरी में फेंक दिया था। मामले में राखी पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना की जानकारी
24 जुलाई को राखी थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम बेन्द्री के गिट्टी खदान में पानी से भरी डबरी में एक बोरी में बंद युवक का शव तैरता हुआ मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर देखा तो वह सड़ी-गली हालत में था। धारदार हथियार से हमला कर युवक की बेरहमी से हत्या की गई थी। मृतक की पहचान छुपाने के इरादे से उसके सिर और चेहरे पर पत्थर पटक दिए गए थे।

मृतक की पहचान और जांच
तकनीकी विश्लेषण और गुम इंसान रिपोर्ट के मिलान के आधार पर शव की पहचान दिनेश मानिकपुरी (dinesh manikpuri) उर्फ माडल (20 वर्ष) निवासी कायाबांधा, थाना मंदिर हसौद के रूप में की गई। मृतक की पहचान होते ही उसके परिजन व परिचितों से पूछताछ की गई, जिसमें यह बात सामने आई कि घटना वाले दिन दिनेश को गांव के ही दो युवकों के साथ जाते देखा गया था।

हत्या का खुलासा
पुलिस ने संदेह के आधार पर साहेब दास मानिकपुरी (19) और सोहन उर्फ पिंटू कंडरा (25)(sohan) दोनों निवासी कायाबांधा को हिरासत में लिया। प्रारंभ में दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन साक्ष्यों और सख्त पूछताछ के बाद उन्होंने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
हत्या की वजह और तरीका
तीनों दोस्त घटना वाले दिन गिट्टी खदान के पास बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान गांव की एक लड़की से प्रेम संबंध को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में साहेब और सोहन ने दिनेश के गले और पेट में चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरी में भरकर, पहचान छुपाने के लिए सिर कुचल कर, बोरी में पत्थर डालकर डबरी में फेंक दिया।
गिरफ्तार आरोपियों से बरामद सामग्री
पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ थाना राखी में अपराध क्रमांक 122/25, धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
