कार में जिंदा जले 4 दोस्त, 2 की हालत गंभीर, अनियंत्रित होकर पुल से टकराई कार

कांकेर : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। केशकाल से आ रही तेज रफ्तार कार आतुर गांव के पास पुल से टकरा गई, जिससे कार में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार 6 में से 4 युवकों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि दो युवक कार से बाहर छिटककर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को कांकेर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, डिजायर कार में सवार सभी युवक केशकाल के ढोण्डरापाल गांव के रहने वाले थे। ये सभी अपने एक दोस्त को कांकेर छोड़ने के बाद वापस लौट रहे थे। तभी रात करीब 1:30 बजे आतुर गांव के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में आग लग गई। चार युवक अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए, जबकि दो युवक कार से बाहर फेंके गए।

स्थानीय लोगों की सूचना पर कांकेर पुलिस, यातायात विभाग और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पुलिस ने बताया कि कार में फंसे शवों को शनिवार सुबह फॉरेंसिक टीम की मदद से बाहर निकाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *