Raipur News: छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग ने नई विद्युत दरों की घोषणा कर दी है। बिजली की कीमतों में औसतन 1.89% की वृद्धि की गई है, जिसे बिजली कंपनी ने “नगण्य और जनहितैषी” बताया है। नई दरें अगस्त 2025 से प्रभावी होंगी और सभी उपभोक्ता वर्गों पर अलग-अलग असर डालेंगी।
घरेलू उपभोक्ताओं को 20 पैसे और कॉमर्शियल को 25 पैसे प्रति यूनिट बढ़ोतरी
बिजली वितरण कंपनी के एमडी भीमसिंह कंवर के अनुसार, घरेलू उपभोक्ताओं को 10 से 20 पैसे, और कॉमर्शियल उपभोक्ताओं को 25 पैसे प्रति यूनिट अधिक देना होगा। हालांकि, निचले मध्यम वर्गीय और बीपीएल उपभोक्ताओं के लिए दरों में वृद्धि न्यूनतम रखी गई है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में टॉवरों को छूट
संचार व्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में सरकार ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल टावरों को ऊर्जा प्रभार में 10% की छूट देने की घोषणा की है। इससे दूर-दराज के इलाकों में नेटवर्क सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
महिला स्वसहायता समूहों को मिली राहत
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए पंजीकृत महिला स्व-सहायता समूहों को ऊर्जा प्रभार में 10% की छूट पहले की तरह लागू रहेगी।
बिजली कंपनी ने कहा, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनी को विद्युत की लागत 7 रुपए 2 पैसे पड़ती है, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं को न्यूनतम 4 रुपए 10 पैसे की दर से विद्युत आपूर्ति की जाती है। नए टैरिफ में निम्न मध्यम वर्ग के घरेलू उपभोक्ताओं के विद्युत दरों में 10 पैसे प्रति यूनिट एवं अन्य घरेलू उपभोक्ताओं की दरों में 20 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है।
