Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। कुएं की सफाई के दौरान दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार शाम कोटा ब्लॉक के ग्राम पंचायत करही कछार के आश्रित मोहल्ला डिपरापारा में हुई। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक और सनसनी फैल गई है।

पहले उतरा एक भाई, फिर बचाने गया दूसरा
जानकारी के अनुसार, बेलगहना चौकी क्षेत्र के डिपरापारा में रहने वाला दिलीप पटेल अपने घर के कुएं की सफाई के लिए कुएं में उतरा था। सफाई के दौरान वह अचानक पानी में डूबने लगा। उसे संकट में देख उसका छोटा भाई दिनेश पटेल भी उसे बचाने के लिए तुरंत कुएं में कूद गया। लेकिन दुर्भाग्यवश, दोनों ही कुएं से बाहर नहीं निकल सके। माना जा रहा है कि कुएं के अंदर ऑक्सीजन की कमी के कारण यह हादसा हुआ।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही बेलगहना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों भाइयों के शव कुएं से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
