CG की ‘गोल्डन गर्ल’ ने की आत्महत्या: किचन में फंदे पर लटकी मिली छात्रा, जांच में जुटी पुलिस

Rajim Chhura News : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। छुरा नगर की रहने वाली और राष्ट्रीय स्तर की वेटलिफ्टर संध्या साहू ने आत्महत्या कर ली। मात्र 20 वर्षीय संध्या अब तक 4 गोल्ड मेडल सहित 6 पदक जीत चुकी थी। उसे उसकी उपलब्धियों के चलते लोग ‘छुरा की गोल्डन गर्ल’ कहकर बुलाते थे। सोमवार को उसका शव उसके ही घर के किचन में साड़ी के फंदे से लटका हुआ मिला।

जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त संध्या की मां स्नान करने गई थीं। जब वह लौटीं तो उन्होंने बेटी को फंदे पर लटका देखा और तुरंत शोर मचाया। आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और संध्या को फंदे से नीचे उतारा। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ कारण

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने कुछ साक्ष्य जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि संध्या किन मानसिक या सामाजिक कारणों से तनाव में थी, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

पढ़ाई और खेल दोनों में होनहार थी संध्या

स्थानीय लोगों और प्रशिक्षकों के अनुसार, संध्या पढ़ाई और खेल दोनों में होनहार थी। उसने भुवनेश्वर, रायपुर, बालोद, गरियाबंद, कोलकाता और बीकानेर जैसे आयोजनों में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया था। वह वर्तमान में कचना धुरवा महाविद्यालय में स्नातक की पढ़ाई कर रही थी।

परिवार में गहरा सदमा

इस घटना ने न सिर्फ संध्या के परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र, शैक्षणिक जगत और खेल समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। संध्या के पिता स्कूल बस चालक हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति भी बहुत अच्छी नहीं है। एक होनहार और प्रतिभावान बेटी की इस तरह मृत्यु से पूरा इलाका शोक में डूबा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *