Bilaspur News: ऑनलाइन गेम की लत एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। बिलासपुर के चकरभाठा इलाके में मोबाइल गेम ‘फ्री फायर’ खेलते समय 14 वर्षीय किशोर सड़क पर गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब किशोर अपने दोस्तों के साथ टहलते हुए मोबाइल में गेम खेल रहा था।

मृतक की पहचान चकरभाठा निवासी आदित्य लखवानी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार आदित्य बचपन से ही फ्री फायर गेम का आदी था। हादसे के समय वह अपने भाई और दोस्तों के साथ सड़क पर टहल रहा था। गेम में पूरी तरह खोए आदित्य का संतुलन बिगड़ा और वह फिसलकर सिर के बल गिर पड़ा।
मौजूद लोगों ने उसे तत्काल बिल्हा के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे सिम्स रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आदित्य के भाई राहुल भयानी ने बताया, “हम सब गेम खेल रहे थे, तभी उसका पैर फिसला और सिर के बल गिरा। गेम में ध्यान इतना था कि उसे आसपास का होश नहीं था।”
