अंबिकापुर में युवक की लाश नाले में मिली.युवक फूल व्यवसायी के मकान में रहकर काम करता था.युवक के कमरे में खून के निशान मिले हैं. युवक के साथ कमरे में सोने गया फूल व्यवासयी का भाई फरार है. पुलिस फूल व्यवसायी को हिरासत में लेकर आरोपी की तलाश करने झारखंड गई है. युवक के परिजनों ने हॉस्पिटल में युवक के शव ले जाने से इनकार कर दिया और घंटों बैठे रहे. मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है.
जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर में फूल व्यवसायी बीरबल यादव के साथ दरिमा थाना अंतर्गत ग्राम खजुरी, नावानगर निवासी जुगनू यादव (25 साल) पिछले 7 सालों से काम कर रहा था. वह बीरबल यादव के नमनाकला झंझटपारा स्थित घर में रहता था. शुक्रवार सुबह जुगनू यादव का शव नाली में औंधे मुंह पड़ा मिला. घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. बीरबल यादव ने ही जुगनू यादव की पहचान की.
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचा तो वहां मृतक जुगनू यादव के चाचा इंद्रजीत यादव एवं अन्य परिजनों ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव ले जाने से इनकार कर दिया. परिजनों ने कहा कि उन्हें घटनास्थल नहीं दिखाया गया. बीरबल यादव से बात नहीं करने दिया गया. परिजन घंटों हॉस्पिटल में बैठे रहे.दोपहर 2 बजे मौके पर सीएसपी रोहित शाह भी पहुंचे और परिजनों से बात की. इसके बाद परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए तैयार हुए. पुलिस फिलहाल घटना की जांच कर रही है.
