Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सकरी गांव में एक फैक्ट्री के पास चर रहे 13 भेड़ और 3 भैंस अचानक एक-एक कर गिरकर मर गए। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जहरीले पानी से मौत की आशंका (Animal Death Raipur Sakri Factory)
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि पशुओं ने पास के प्लॉट में बह रहे रासायनिक या विषैले पानी का सेवन किया, जिससे उनकी मौत हो गई। यह पानी पास की एक बंद फैक्ट्री से निकल रहा था। घटनास्थल पर पहुंचे एसडीएम नंद कुमार चौबे ने बताया कि पशुओं का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फैक्ट्री मालिक को नहीं थी जानकारी (Toxic Water Factory Raipur Sakri)
घटना स्थल के पास स्थित फैक्ट्री पर ताला लगा हुआ पाया गया। जमीन मालिक रविकांत अग्रवाल को प्रशासन ने तत्काल बुलाया, जिन्होंने दावा किया कि उन्हें नहीं मालूम कि किराये पर दी गई फैक्ट्री में क्या उत्पादन हो रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में ट्रकों में इस्तेमाल होने वाला DEF (डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड) बनाया जा रहा था। इसका संचालन सुलभ अग्रवाल नामक व्यक्ति द्वारा किया जा रहा है।
ग्रामीणों और सरपंच ने की कार्रवाई की मांग (16 Animal Death Raipur)
गाँव के सरपंच प्रतिनिधि प्रशांत कुर्रे और मृत भैंसों के मालिक ईश्वर यादव ने बताया कि उनका परिवार दशकों से डेरी व्यवसाय से जुड़ा है और यह घटना बहुत बड़ा नुकसान और सदमा है। उन्होंने जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सरपंच प्रतिनिधि का कहना है कि फैक्ट्री संचालन की जानकारी ग्राम पंचायत को नहीं दी गई थी, जिससे प्रशासनिक लापरवाही का भी संकेत मिलता है।
