गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां गजपल्ला वाटरफॉल में रायपुर की 19 वर्षीय युवती महविश खान डूब गई । मंगलवार दोपहर को दोस्तों के साथ घूमने आई महविश झरने में नहाते वक्त गहरे पानी में चली गई और लापता हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, वन विभाग और NDRF की टीम मौके पर पहुंची और लगातार चार घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिल पाई।
6 दोस्तों के साथ आई थी घूमने, झरने में नहाते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, महविश खान रायपुर निवासी है और वह अपने 6 दोस्तों के साथ गजपल्ला झरने की सैर पर आई थी। दोपहर लगभग 2 से 3 बजे के बीच वह झरने में नहा रही थी, तभी अचानक गहरे पानी में चली गई और डूब गई। घटना के तुरंत बाद दोस्तों ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।
रेस्क्यू टीम ने की पूरी कोशिश, लेकिन नाकाम
पांडुका थाना पुलिस, वन विभाग और NDRF की टीम ने करीब 4 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी तलाश में मदद की। विशेषज्ञों के अनुसार, झरने की गहराई 20 फीट से अधिक है और नीचे खतरनाक अंडरकट चट्टानें (खोह) हैं, जिसमें फंसने की प्रबल आशंका है।
