Raipur: राजधानी रायपुर में प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत जल्द ही 100 इलेक्ट्रिक बसें (EV Bus) चलने वाली हैं। इस योजना को लेकर तेज़ी से काम हो रहा है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के संयुक्त सचिव रवि चौधरी हाल ही में रायपुर दौरे पर आए थे। उन्होंने टाटीबंध-बिलासपुर रिंग रोड के पास हीरापुर में चिन्हित ई-बस डिपो स्थल का निरीक्षण किया और सिविल वर्क में तेजी लाने के निर्देश दिए।
EV बस के लिए तय होगी स्मार्ट रूटिंग
नगर निगम को मिलने वाली 100 ई-बसों के लिए रूट तय करने का काम एक पेशेवर एजेंसी को सौंपा गया है, जिसका खर्च नगर निगम वहन करेगा। रूट तय करते वक्त इन बातों का किया जाएगा विश्लेषण-
- शहर की किन-किन जगहों से निश्चित समय पर सबसे ज्यादा यात्री आवागमन करते हैं।
- सरकारी दफ्तरों, शैक्षणिक संस्थानों और व्यावसायिक क्षेत्रों की बस से कनेक्टिविटी कैसी हो।
- बढ़ते आउटर एरिया जैसे देवपुरी, सेजबहार, आमा सिवनी और कुम्हारी पुल तक कैसे सुगम पहुँच बनाई जा सके।
ग्लोबल मॉडल पर होगा बस ऑपरेशन
EV बसों के संचालन के लिए अहमदाबाद की एक विशेषज्ञ एजेंसी को केंद्र सरकार द्वारा चयनित किया गया है। अब राज्य शासन की ओर से संचालन एजेंसी को भुगतान की गारंटी देने का काम किया जा रहा है।
RBI को देना होगा शपथ पत्र
बस संचालन से पहले राज्य सरकार को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) को एक गारंटी शपथ पत्र देना होगा कि अगर किसी कारणवश निगम भुगतान करने में असमर्थ रहता है तो सरकार उसकी भरपाई करेगी। इस संबंध में दिल्ली से आए अधिकारियों ने नगरीय प्रशासन विभाग के साथ विस्तृत चर्चा की है।
62 रुपये प्रति किमी तय हुआ संचालन शुल्क
ईवी बस के ऑपरेटर को प्रति किलोमीटर ₹62 का भुगतान नगर निगम द्वारा किया जाएगा। रायपुर नगर निगम की सीमा अब टाटीबंध से कुम्हारी पुल और जोरा-लाभांडी से सेजबहार तक विस्तृत हो चुकी है, जिसके अनुसार ही कुल किलोमीटर और लागत का निर्धारण किया गया है।
हीरापुर में बन रहा हाईटेक बस डिपो
ईवी बसों के लिए हीरापुर रिंग रोड किनारे एक आधुनिक बस डिपो का निर्माण किया जा रहा है, जिस पर करीब ₹12 करोड़ का खर्च आएगा। जिसमें चार्जिंग स्टेशन और वर्कशॉप, ड्राइवर-कंडक्टर विश्राम कक्ष, स्वच्छ टॉयलेट और प्रशासनिक भवन, कंप्यूटराइज्ड कमांड सेंटर शामिल होंगे जो पूरी बस सेवा की निगरानी करेगा
