Raigarh Murder: रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जमीन बेचने की जिद को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात में उसका दोस्त भी शामिल था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जमीन विवाद में बेटे ने की पिता की हत्या (son killed father)
जानकारी के अनुसार, ग्राम कठरापाली निवासी नत्थुराम चौहान (62) की लाश मंगलवार सुबह उनके घर की बाड़ी में खून से लथपथ हालत में मिली। गले पर गहरे चोट के निशान थे। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद धरमजयगढ़ SDOP, घरघोड़ा थाना प्रभारी, पुलिस टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे।

बेटे और उसके दोस्त ने रची थी साजिश
प्रारंभिक जांच में हत्या का संदेह मृतक के बेटे मालिकराम चौहान पर गया। पुलिस की सख्ती से पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने अपने दोस्त सजन अगरिया के साथ मिलकर पिता की हत्या की है।
जमीन बेचने की जिद से शुरू हुआ विवाद (land dispute murder)
आरोपी बेटे ने बताया कि वह पिता की जमीन बेचना चाहता था, लेकिन पिता इसके लिए राजी नहीं थे। इसी बात पर विवाद इतना बढ़ा कि उसने पिता की हत्या की योजना बना ली।
सोमवार रात को सजन अगरिया ने नत्थुराम को घर से बाहर बुलाया और तभी मालिकराम ने टांगी से उनके गले पर वार कर दिया। घटना को चोरी का प्रयास दिखाने के लिए दोनों ने बोरवेल पंप का तार काटा और हथियार खेत में फेंक दिए।

डॉग स्क्वायड ने खोला राज
जांच के दौरान डॉग स्क्वायड की डॉग रूबी ने सीधा सजन अगरिया को पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
