CG Accident : स्कूल बस को बोलेरो ने मारी टक्कर, 12 बच्चे घायल…

Kondagaon News : छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। फरसगांव के पास गुरुवार सुबह 10 बजे एक तेज रफ्तार बोलेरो ने स्कूल बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें 12 छात्र घायल हो गए। घटना पासंगी पेट्रोल पंप के पास हुई, जब सरस्वती शिशु मंदिर की बस स्टार्ट होने ही वाली थी।

बस में थे करीब 20 बच्चे, 12 घायल

हादसे के वक्त बस में लगभग 20 स्कूली बच्चे सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायल बच्चों में एक की कमर में चोट, जबकि एक अन्य के सीने में गंभीर चोट बताई जा रही है। अन्य बच्चों को भी हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फरसगांव में जारी है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर बोलेरो वाहन और चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही बताया गया है। बोलेरो ड्राइवर ने बस को उस समय टक्कर मारी जब वह स्टार्ट होकर चलने ही वाली थी।

परिजनों में मचा हड़कंप, स्कूल प्रबंधन कर रहा निगरानी

घटना की खबर मिलते ही बच्चों के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। घायलों को जल्द ही इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। स्कूल प्रबंधन घायलों के इलाज और उनके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए है।

जांच में जुटी पुलिस

फरसगांव थाना प्रभारी के अनुसार, बोलेरो चालक को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। घायल सभी बच्चों की स्थिति स्थिर है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *