Raipur News : अमन नगर में जलभराव की समस्या होगी दूर, विधायक मोतीलाल साहू ने किया नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन

Raipur News : रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के जोन 9 अंतर्गत रानी लक्ष्मीबाई वार्ड क्रमांक 10 के अमन नगर में जलभराव की लंबे समय से चली आ रही समस्या को दूर करने के लिए शुक्रवार को लगभग 25 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।

 

कार्य का भूमिपूजन रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने जोन 9 के अध्यक्ष गोपेश साहू, पार्षद देवदत्त द्विवेदी, मोहन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारीगण, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में किया। विधायक ने श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर कार्य की विधिवत शुरुआत करवाई।

 

इस मौके पर विधायक श्री साहू ने कहा कि अमन नगर की जलभराव की समस्या गंभीर थी, जिसके स्थायी समाधान के लिए यह कार्य प्रारंभ किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

विशेष बात यह रही कि जिस स्थान पर नाली का निर्माण हो रहा है, वह निजी भूमि है और क्षेत्र के एक भूमि स्वामी ने जनहित में अपनी जमीन नाली निर्माण के लिए स्वेच्छा से दी। इसके बाद कार्य की शुरुआत हो पाई।

इस कार्य के साथ ही क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है। स्थानीय रहवासियों ने विधायक एवं प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए इसे अमन नगर के लिए बड़ी राहत बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *