CG News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर पहुंचेंगी। वे बस्तर दशहरा के महत्वपूर्ण आयोजन मुरिया दरबार में शामिल होंगी और मांझी-चालकी समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति के बस्तर आगमन को प्रदेश के लिए गौरव और खुशी का अवसर बताया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ प्रवास का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उन्हें बस्तर आने का आमंत्रण दिया गया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। राष्ट्रपति 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगी। 23 अक्टूबर को वे जगदलपुर पहुंचकर बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में शामिल होंगी।
बस्तर दशहरा समिति ने दिया था आमंत्रण
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष और सांसद महेश कश्यप ने उन्हें बस्तर दशहरा में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। राष्ट्रपति द्वारा निमंत्रण स्वीकार किए जाने के बाद अब उनके जगदलपुर आगमन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
कलेक्टर और एसपी ने तैयारियों की समीक्षा की
राष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए जगदलपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात, प्रोटोकॉल, कार्यक्रम स्थल और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
लालबाग मैदान में तैयारियों का निरीक्षण
बैठक के बाद कलेक्टर और एसपी ने लालबाग मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी और आम लोगों के प्रवेश मार्ग, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी ली। अधिकारियों को समय से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नक्सली हिंसा से प्रभावित और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दंतेवाड़ा में आयोजित शिविर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। सरकार का प्रयास है कि प्रभावित लोगों को सहायता देकर उन्हें सम्मान और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर दिया जाए।
महिला टी-20 मैच को लेकर भी बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच को लेकर भी खुशी जताई। भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच होने वाले मुकाबले में महिला दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। इससे प्रदेश की महिलाओं और बेटियों को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।



