Raipur News: रायपुर में महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले की जांच कर रही सीबीआई की टीम ने गुरुवार सुबह समता कॉलोनी स्थित मोहित सोमानी के घर पहुंचकर जांच की। टीम सुबह करीब 7 बजे पहुंची और लगभग 2 घंटे की जांच के बाद सुबह 9 बजे वापस लौट गई।
जानकारी के मुताबिक, सीबीआई टीम ने घर में जरूरी दस्तावेज और अन्य जानकारी की जांच की। बताया जा रहा है कि महादेव ऐप के प्रमोटरों से सट्टा आईडी लेकर आगे बेचने के मामले को लेकर यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, सीबीआई की ओर से इस जांच को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
मोहित सोमानी को रायगढ़ पुलिस ने गोवा से गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह रायगढ़ जेल में बंद है। सीबीआई की टीम उसके रायपुर स्थित घर पर जांच के लिए पहुंची थी।
मोहित सोमानी को गिरफ्तार
मोहित सोमानी को ऑनलाइन सट्टेबाजी के मामले में रायगढ़ पुलिस ने गोवा के कैंडोलिम बीच इलाके से गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे की आईडी छोटे खाईवालों और खिलाड़ियों को उपलब्ध कराते थे।
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले की जांच सीबीआई कर रही है। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आने वाले दिनों में पैनल संचालकों समेत अन्य लोगों पर कार्रवाई की जा सकती है।
देशभर में फैला था सट्टेबाजी का नेटवर्क
जांच एजेंसियों के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक देश के बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क में शामिल था। इसका संचालन भारत के बाहर से किए जाने की बात सामने आई थी।
इस प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश और अन्य खेलों पर ऑनलाइन सट्टा लगाया जाता था। इसके लिए देशभर में पैनल और ब्रांच के माध्यम से लोगों को जोड़ा गया था। इन नेटवर्क के जरिए सट्टेबाजी के लिए पैसे जमा कराए जाते थे।


