Mahadev Betting App: आज रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश होगा सौरभ चंद्राकर, CBI रिमांड खत्म; 4 अधिकारियों को पूछताछ के लिए नोटिस

Saurabh Chandrakar Arrest

Mahadev Betting App: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी और प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को आज रायपुर की स्पेशल CBI कोर्ट में पेश किया जाएगा। CBI की 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद एजेंसी उसे दिल्ली से रायपुर लेकर पहुंची है। अब कोर्ट में यह तय होगा कि CBI आगे की पूछताछ के लिए दोबारा रिमांड मांगती है या नहीं।

अगर CBI अतिरिक्त रिमांड की मांग नहीं करती है, तो प्रवर्तन निदेशालय (ED) अपने वारंट को लागू कराने और पूछताछ की अनुमति लेने के लिए कोर्ट में आवेदन पेश कर सकता है।

4 अधिकारियों को भेजा गया नोटिस

महादेव सट्टा नेटवर्क की जांच के दौरान CBI अब कथित सरकारी संरक्षण और आर्थिक लेनदेन की कड़ियों की भी जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सट्टेबाजी से हासिल रकम किन अधिकारियों, कारोबारियों और अन्य लोगों तक पहुंचाई जाती थी।

इसी सिलसिले में CBI ने 4 अधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया है। एजेंसी उनसे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ करेगी।

Saurabh Chandrakar Arrest

पिछली सुनवाई में ED का आवेदन हुआ था खारिज

सौरभ चंद्राकर की पिछली पेशी के दौरान ED ने कोर्ट में आवेदन देकर अपने वारंट को लागू करने और पूछताछ की अनुमति मांगी थी। हालांकि उस समय CBI की रिमांड जारी होने के कारण कोर्ट ने ED के आवेदन को समय से पहले बताया था।

अब CBI की रिमांड समाप्त होने के बाद ED दोबारा कोर्ट का रुख कर सकती है। यदि अदालत अनुमति देती है तो ED भी सौरभ से पूछताछ कर सकेगी।

Saurabh Chandrakar

8 दिन तक किन बिंदुओं पर हुई पूछताछ

CBI ने रिमांड के दौरान सौरभ चंद्राकर से महादेव ऐप के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी को लेकर पूछताछ की है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सट्टे से अर्जित रकम किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में किन अधिकारियों व अन्य लोगों की भूमिका रही।

2022 में दर्ज हुई थी पहली FIR

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में पहली FIR 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में दर्ज हुई थी। इसके बाद 6 अक्टूबर 2022 को ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की।

बाद में CBI ने भी इस मामले की जांच अपने हाथ में ली। छत्तीसगढ़ सरकार ने इस मामले से जुड़ी 13 FIR की जांच CBI को सौंपी थी, जिनमें से 2 मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। वहीं ED भी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में समानांतर जांच कर रही है।

116 दिन बाद ओमान से भारत लाया गया

CBI के अनुसार, सौरभ चंद्राकर लंबे समय से फरार था और दुबई से महादेव सट्टा नेटवर्क संचालित करने का आरोप है। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था।

8 जुलाई 2026 को ओमान की रॉयल पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। प्रत्यर्पण प्रक्रिया पूरी होने के बाद CBI की टीम 1 नवंबर को उसे भारत लेकर आई।

भारत आने से पहले जताई थी सुरक्षा की मांग

ओमान में हिरासत के दौरान सौरभ चंद्राकर ने भारत आने पर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की थी। उसने दावा किया था कि महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े प्रभावशाली लोगों से उसे जान का खतरा है।

साथ ही उसने जांच एजेंसियों के सामने नेटवर्क के राजनीतिक संबंधों, पैसों के लेन-देन और विदेशों में मौजूद संपत्तियों से जुड़ी जानकारी साझा करने की इच्छा भी जताई थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *