Raipur Rape: राजधानी रायपुर के कबीर नगर क्षेत्र में एक युवती के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। ऑटो चालक ने घर छोड़ने के बहाने युवती से रेप किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार 23 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2 बजे पीड़िता घर से बिना बताए निकल गई थी। देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने थाना कबीर नगर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की।
रास्ता भटकने पर ऑटो लिया
25 अप्रैल को पीड़िता मिल गई। पूछताछ में उसने बताया कि रास्ता भटकने के दौरान वह यदुवंशी चौक के पास पहुंच गई थी। रात करीब 8-9 बजे उसने एक ऑटो रुकवाया और चालक से घर छोड़ने को कहा।
सुनसान मकान में ले जाकर किया दुष्कर्म
आरोप है कि ऑटो चालक ने भरोसा दिलाया कि वह उसे घर छोड़ देगा, लेकिन रास्ता बदलकर एक सुनसान मकान में ले गया। वहां आरोपी ने जबरदस्ती युवती के साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 64(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने विशेष टीम गठित की।
ऐसे पकड़ा गया आरोपी
तकनीकी और मैदानी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान ऑटो चालक पंकज पांडे (35) के रूप में हुई। 25 अप्रैल को पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।


