CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम लगातार शुष्क बना हुआ है। रात के तापमान में गिरावट के साथ प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने लगा है। सरगुजा संभाग में सुबह और रात के समय अच्छी-खासी ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दुर्ग में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
रायपुर में भी ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। सुबह और देर रात हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दिन में मौसम सामान्य बना हुआ है। ठंड बढ़ने के साथ राजधानी के बाजारों में गर्म कपड़ों की दुकानों पर भी रौनक दिखाई देने लगी है और लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं।
रायपुर का मौसम
रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार आज भी आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश में ठंड का असर बढ़ा
सरगुजा संभाग के कई इलाकों में सुबह और शाम ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा लेने लगे हैं। शाम ढलते ही तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और अगले कुछ दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
आज का सूर्योदय और सूर्यास्त
रायपुर में आज सुबह 6:13 बजे सूर्योदय हुआ, जबकि सूर्यास्त शाम 5:24 बजे होगा। चंद्रमा सुबह 8:48 बजे उदय हुआ और शाम 7:36 बजे अस्त होगा।


