CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी के बाद मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन 15 अक्टूबर से दक्षिण छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव के संकेत हैं। मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। यह स्थिति अगले दो दिनों तक बनी रह सकती है। मौसम में बदलाव की वजह उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन को माना जा रहा है, जिसके प्रभाव से बादल छाने, बूंदाबांदी और तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
मौसम बदलेगा, बढ़ेगी ठंड
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मौजूदा सिस्टम कमजोर पड़ने और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने के बाद प्रदेश के तापमान में गिरावट शुरू होगी। इससे आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा।
पिछले 24 घंटे में रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में बनी रहेगी उमस
राजधानी रायपुर में बुधवार को मौसम साफ रहने की संभावना है। बारिश की संभावना कम होने के कारण दिन में तेज धूप और हवा में नमी के चलते उमस बनी रह सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दोपहर के समय लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।


