CG Weather Update: छत्तीसगढ़ से मानसून की पूरी तरह विदाई हो गई है। इसके बावजूद स्थानीय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी असम से तेलंगाना तक बनी ऊपरी हवा की ट्रफ लाइन और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में मौसम बदल सकता है। कहीं-कहीं 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
मानसून की वापसी के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होंगी और मौसम शुष्क रहने लगेगा। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से आने वाले दिनों में सुबह और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जबकि दिन में हल्की गर्मी बनी रहेगी।
पिछले 24 घंटों में राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में मौसम साफ रहने और धूप खिलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम
अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम सामान्यतः साफ और शुष्क रहेगा। हालांकि, एक-दो स्थानों पर हल्की फुहार पड़ सकती है। रायपुर सहित मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बिहार के आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण और बंगाल की खाड़ी से उत्तर प्रदेश तक फैली ट्रफ लाइन के कारण वातावरण में हल्की नमी बनी हुई है, जिससे कुछ स्थानों पर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।


