CG News: खेत में ट्रैक्टर पलटने से चालक की दर्दनाक मौत, खेत में फंसे ट्रैक्टर को निकालते वक्त हुआ हादसा

Balod News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिटौद में शुक्रवार को दोपहर एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। खेत में फंसे ट्रैक्टर को निकालते समय वाहन पलट गया, जिससे चालक उसके नीचे दब गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बता दें, मृतक की पहचान तोरण नेताम, निवासी सोरिद (धमतरी) के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार दोपहर लगभग 1 बजे की है, जब ग्राम चिटौद में एक किसान के खेत में मताई (धान थ्रेसिंग) का कार्य चल रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर खेत की कीचड़ में फंस गया था। चालक तोरण नेताम उसे बाहर निकालने की कोशिश कर रहा था।

 

ट्रैक्टर को स्टार्ट करते ही उछलकर पलटा

थाना प्रभारी प्रदीप कंवर ने बताया कि ट्रैक्टर निकालने के लिए चालक ने टायर में लकड़ी की बल्ली फंसा दी थी। इसके बाद उसने तेजी से वाहन को स्टार्ट कर स्पीड बढ़ा दी। अचानक ट्रैक्टर उछलकर खड़ा हो गया और असंतुलित होकर पलट गया। तोरण नेताम ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने की मदद, लेकिन नहीं बच सकी जान

हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत दूसरे ट्रैक्टर की मदद से पलटे हुए ट्रैक्टर को हटाया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुरूर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए गुरुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *