Balod News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां पेट्रोल पंप ने दर्जनभर गाड़ियों में पेट्रोल की जगह पानी भर दिया। घटना पुरूर थाना क्षेत्र के निर्मल फ्यूल्स पेट्रोल पंप की है। गाड़ियां बंद होने और बार-बार खराब होने की शिकायतों के बाद मामले का खुलासा हुआ।
पेट्रोल की जगह डाला पानी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पेट्रोल भरवाने के कुछ ही मिनट बाद कई गाड़ियां अचानक बंद होने लगीं। पहले तो वाहन मालिकों को समझ नहीं आया, लेकिन जब कई गाड़ियों में यही समस्या दिखी, तो सभी का शक पेट्रोल पंप पर गया।
पेट्रोल की टंकी में था पानी
शिकायतों के बाद की गई जांच में साफ हो गया कि गाड़ियों में पेट्रोल की बजाय पानी भर गया था। जैसे ही मामला उजागर हुआ, पंप संचालक ने अपनी गलती मानते हुए सभी वाहन मालिकों को पेट्रोल के पैसे वापस लौटा दिए।
बारिश से हुआ रिसाव
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि लगातार हो रही बारिश की वजह से पंप की टंकी में पानी चला गया, जिससे यह लापरवाही हुई। हालांकि, इस पूरे मामले में पंप प्रबंधन की घोर लापरवाही मानी जा रही है, क्योंकि इतनी बड़ी चूक से लोगों के वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है।
