CG Weather Update: अर्नब का असर कमजोर, अब बढ़ेगा तापमान; अगले 2 दिन में 3 से 5 डिग्री तक चढ़ेगा पारा, कुछ जिलों में बारिश के आसार

CG Weather Update: चक्रवात ‘अर्नब’ का असर अब कमजोर पड़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, प्रदेश के कुछ इलाकों में अभी भी हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है।

बेमेतरा जिले में लगातार दो दिनों से हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कटाई के लिए तैयार धान की फसल भीग गई है और कई स्थानों पर खेतों में खड़ी फसल गिर गई है। किसानों का कहना है कि यदि बारिश जारी रही तो नुकसान और बढ़ सकता है।

किसानों ने की मुआवजे की मांग

किसान ओम वर्मा के अनुसार, उनकी करीब 25 से 30 प्रतिशत धान की फसल खराब हो चुकी है। यदि मौसम साफ नहीं हुआ तो नुकसान 50 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। खेतों में पानी भरने से धान के दाने काले पड़ने, सड़ने और अंकुरित होने का खतरा बढ़ गया है। किसानों ने फसल क्षति का सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है।

CG Weather Update

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी छत्तीसगढ़ और उससे लगे मध्यप्रदेश में एक कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जिसके कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है। वहीं, दक्षिणी अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार क्षेत्र में भी एक नया लो प्रेशर एरिया बना हुआ है।

आज बिजली गिरने की चेतावनी

प्रदेश के कुछ जिलों में शनिवार को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की है। अगले दो दिनों तक कुछ इलाकों में ऐसी स्थिति बनी रह सकती है।

रायपुर में बादल और हल्की बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। एक-दो बार हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *