Durg Accident: दुर्ग जिले के भिलाई में रविवार को तेज रफ्तार और लापरवाही ने दो लोगों की जान ले ली। चंद्रा मौर्या चौक क्षेत्र में नशे में धुत कार चालक ने बाइक और स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और स्कूटी दोनों हवा में उछल गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को सुपेला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 17 वर्षीय नूर और 55 वर्षीय मनोहर को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सलीम का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक नूर और सलीम एसी बनाने का काम करते थे और एक ही स्कूटी पर सवार होकर जा रहे थे। वहीं मनोहर पेशे से बीमा एजेंट थे और बाइक चला रहे थे।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान सागर जायसवाल के रूप में हुई है, जो भिलाई की आम्रपाली कॉलोनी का निवासी बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक शराब के नशे में था।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


