CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने गन्ना उत्पादक किसानों के हित में बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी अब 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने का निर्णय लिया है। बढ़ी हुई दर का लाभ पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने पर भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अन्नदाता की समृद्धि ही विकसित छत्तीसगढ़ की नींव है। किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिले, खेती लाभकारी बने और किसान आर्थिक रूप से मजबूत हों, इसके लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।
किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल से हुई चर्चा
मुख्यमंत्री से भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में संगठन मंत्री मनीष शर्मा, महामंत्री नवीन शेष सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी मौजूद रहे।
बैठक में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। इसी दौरान गन्ना उत्पादक किसानों की मांगों पर विचार करते हुए मुख्यमंत्री ने गन्ने की खरीदी 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने का निर्णय लिया।
पिछले पेराई सत्र का भी मिलेगा लाभ
सरकार ने स्पष्ट किया है कि पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी संशोधित दर के अनुसार किया जाएगा। इससे प्रदेश के गन्ना किसानों को अतिरिक्त आर्थिक लाभ मिलेगा।
किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राज्य सरकार किसान हितों को प्राथमिकता देते हुए समय-समय पर आवश्यक निर्णय ले रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में किसानों की अहम भूमिका है। गांव और खेती मजबूत होंगे, तभी छत्तीसगढ़ का समग्र विकास संभव होगा। सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाकर खेती को सम्मानजनक और लाभकारी बनाना है।
किसान संघ ने जताया आभार
भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना खरीदी की दर बढ़ाने के फैसले का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। संगठन ने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश के गन्ना उत्पादक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी आय में बढ़ोतरी होगी।


