Raipur News: छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर 20 अक्टूबर को बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राजधानी रायपुर में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे। इस दौरान ताड़ोकी-रावघाट रेल लाइन और अभनपुर-कुरुद ब्रॉडगेज रेल लाइन का शुभारंभ किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके साथ ही रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन रखरखाव सुविधा केंद्र का शिलान्यास भी किया जाएगा।
रायपुर और रावघाट रेलवे स्टेशन पर होंगे कार्यक्रम
रेलवे का यह कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से रायपुर रेलवे स्टेशन और रावघाट रेलवे स्टेशन पर आयोजित होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दोनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे।
वहीं, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे। इस मौके पर कई जनप्रतिनिधियों के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है।
कार्यक्रम में सांसद राजीव शुक्ला, सांसद रंजीत रंजन, सांसद लक्ष्मी वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद विजय बघेल, सांसद भोजराज नाग और सांसद रूप कुमारी चौधरी के शामिल होने की संभावना है।


