Raipur Fire: राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित डामर फैक्ट्री में सोमवार को आग लगने से हड़कंप मच गया। फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक, उरला थाना क्षेत्र में स्थित पोरवाल टार प्रोडक्ट्स फैक्ट्री में यह आग लगी। घटना के समय फैक्ट्री में मजदूर काम कर रहे थे। अचानक आग लगने से कर्मचारियों में डर का माहौल बन गया और उन्होंने इसकी सूचना तत्काल दी।
मौके पर पहुंचीं दमकल की 2 गाड़ियां
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, टार के रिसाव के कारण प्रोसेसिंग के दौरान आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
पहले भी लग चुकी है आग
बताया जा रहा है कि उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित पोरवाल टार प्रोडक्ट्स फैक्ट्री में आग लगने की यह दूसरी घटना है। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।

