CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई, बढ़ने लगी गर्मी, अगले 3 दिन शुष्क रहेगा मौसम

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बीच मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश में अब तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है और अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान अधिकांश जिलों में बारिश के आसार नहीं हैं। इसके बाद कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल किसी भी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आज आसमान साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम साफ रहने के कारण दिन में गर्मी का असर महसूस किया जा सकता है।

बीते 24 घंटे में ऐसा रहा मौसम

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई, लेकिन कहीं भी उल्लेखनीय वर्षा नहीं हुई। राजनांदगांव में सबसे अधिक 36 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रायपुर में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मानसून की वापसी जारी

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा सुपौल, रांची, सुंदरगढ़, बरगढ़ और बीजापुर से होकर गुजर रही है। अगले तीन से चार दिनों में पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर भारत और उत्तरी प्रायद्वीपीय क्षेत्र के कुछ और हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

फिलहाल बारिश की संभावना कम

पश्चिमी असम से तेलंगाना तक द्रोणिका सक्रिय है और पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। इसके बावजूद छत्तीसगढ़ में फिलहाल व्यापक बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में शुष्क मौसम बना रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *