CG Accident: धमतरी जिले में दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है। रत्नाबांधा के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क पर लेटे एक युवक को कुचल दिया। हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान रत्नाबांधा निवासी सागर नागरची (21) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान युवक सड़क पर लेटा हुआ था। कार की चपेट में आने के बाद वह करीब 12 फीट तक घिसटता चला गया। हादसे में उसके सिर, सीने और हाथ में गंभीर चोटें आईं। उसका एक हाथ बुरी तरह मुड़ गया था और चेहरे पर भी गंभीर चोट लगी थी।
सड़क पर लेट गया था युवक
जानकारी के अनुसार, घटना 7 अक्टूबर की रात की है। सागर नागरची रत्नाबांधा रोड पर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह सड़क पर लेट गया था। इसी दौरान वहां से गुजर रही तेज रफ्तार कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि युवक के पास से कई वाहन गुजरते रहे। इसके बाद एक कार ने उसे टक्कर मार दी, जिसके बाद युवक कार के नीचे आकर कुछ दूरी तक घिसट गया।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार और चालक की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, युवक के नशे में होने की बात सामने आ रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


