CG News: कवर्धा के भैंसा ओदार जलप्रपात में पिकनिक मनाने पहुंची 16 वर्षीय छात्रा की डूबने से मौत हो गई। मृतका पंडरिया के बैराग पारा की रहने वाली थी और 10वीं कक्षा में पढ़ती थी। रविवार को वह अपने 5-6 दोस्तों के साथ जलप्रपात घूमने गई थी। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चली गई और डूब गई।
साथियों ने छात्रा को पानी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ स्थानीय लोगों ने रील बनाने के दौरान फिसलने की बात कही है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार छात्रा की मौत पानी में डूबने से हुई है।
5-6 दोस्तों के साथ पहुंची थी पिकनिक मनाने
पुलिस के मुताबिक, पंडरिया के बैराग पारा निवासी आस्था गुप्ता रविवार दोपहर 5-6 युवक-युवतियों के साथ भैंसा ओदार जलप्रपात पहुंची थी। सभी लोग वहां पिकनिक मनाने गए थे। इसी दौरान नहाते समय आस्था गहरे पानी में चली गई।
साथियों ने उसे काफी तलाश के बाद पानी से बाहर निकाला और तत्काल कुकदूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
रील बनाने के दौरान फिसलने की चर्चा
घटना के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि छात्रा रील बना रही थी और इसी दौरान उसका पैर फिसल गया, जिससे वह पानी में गिर गई। हालांकि पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कहां है भैंसा ओदार जलप्रपात?
भैंसा ओदार जलप्रपात कवर्धा से करीब 63 किलोमीटर दूर पंडरिया के वनांचल क्षेत्र में स्थित है। यहां पंडरिया और नेउर मार्ग से पहुंचा जा सकता है। मुख्य सड़क से आगे कच्चा रास्ता पड़ता है, जिसके बाद पैदल चलकर जलप्रपात तक पहुंचना होता है।
चट्टानों पर फिसलन और गहरे जलकुंड से रहता है खतरा
जलप्रपात जंगल और पहाड़ी क्षेत्र के बीच स्थित है। यहां चट्टानों पर अक्सर फिसलन रहती है और आसपास कई गहरे जलकुंड मौजूद हैं। पानी की ऊपरी सतह देखकर गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। ऐसे में नहाते समय या चट्टानों पर चलते समय सावधानी नहीं बरतने पर हादसे का खतरा बना रहता है।


