CG Holiday: कल छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक अवकाश, स्कूल-कॉलेज और सरकारी दफ्तर रहेंगे बंद

CG Holiday: नवंबर महीने के अंतिम सप्ताह में प्रदेशवासियों को एक और सार्वजनिक अवकाश मिलने जा रहा है। सिख धर्म के प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार 24 नवंबर को छत्तीसगढ़ में छुट्टी रहेगी। इस दिन प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों, स्कूल-कॉलेज और बैंकों में कामकाज बंद रहेगा।

छत्तीसगढ़ शासन के वार्षिक अवकाश कैलेंडर में गुरु नानक जयंती के अवसर पर 24 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व सिख समुदाय के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखता है। इस अवसर पर गुरुद्वारों में विशेष दीवान, गुरुवाणी कीर्तन, अरदास और लंगर का आयोजन किया जाता है। श्रद्धालु गुरुद्वारों में पहुंचकर गुरु साहिब के समक्ष मत्था टेकते हैं और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं।

गुरु नानक जयंती की छुट्टी

नवंबर महीना इस बार कई त्योहारों और छुट्टियों से भरा रहा। दीपावली, भाई दूज, छठ पूजा और देवउठनी एकादशी जैसे पर्वों के बाद अब महीने के अंतिम सप्ताह में गुरु नानक जयंती का अवकाश मिलेगा। 24 नवंबर की छुट्टी नवंबर महीने की प्रमुख सार्वजनिक छुट्टियों में शामिल होगी।

रायपुर में निकाला गया भव्य नगर कीर्तन

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर राजधानी रायपुर में रविवार को भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा स्टेशन रोड से शुरू हुए नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पंच प्यारों की अगुवाई में निकली शोभायात्रा में फूलों से सजी श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी आकर्षण का केंद्र रही।

नगर कीर्तन स्टेशन रोड से फाफाडीह चौक, शास्त्री चौक और गौरवपथ होते हुए तेलीबांधा स्थित बुड्ढा साहिब गुरुद्वारा पहुंचा। करीब पांच घंटे तक चली इस यात्रा में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह स्वागत किया। रागी सिंहों द्वारा प्रस्तुत गुरबाणी कीर्तन और गतका दल के प्रदर्शन ने लोगों को आकर्षित किया।

नगर कीर्तन में लंगर सेवा और मानवता का संदेश देने वाली झांकियां भी शामिल रहीं। इनके माध्यम से गुरु नानक देव जी के संदेश – नाम जपो, किरत करो और वंड छको के साथ सेवा और भाईचारे का संदेश दिया गया।

24 नवंबर को होंगे विशेष धार्मिक कार्यक्रम

प्रकाश पर्व के अवसर पर 24 नवंबर को रायपुर के खालसा स्कूल परिसर में विशेष दीवान सजाया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेशभर के गुरुद्वारों में भी गुरु नानक जयंती के अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *