Kondagaon News: कोंडागांव जिले के केशकाल थाना क्षेत्र अंतर्गत अड़ेंगा नदी में दो सगी बहनों की लाश तैरती हुई मिली। दोनों महिलाएं बीते रविवार शाम साप्ताहिक बाजार गई थीं, लेकिन इसके बाद वे घर नहीं लौटीं।पूरा मामला केशकाल थाना क्षेत्र के ग्राम अड़ेंगा का है।
परिजनों और ग्रामीणों द्वारा लगातार दो दिनों तक आसपास तलाश की जा रही थी। बुधवार को ग्रामीणों ने अड़ेंगा नदी में पानी के बीच दोनों महिलाओं के शव तैरते हुए देखे, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शवों को नदी से बाहर निकलवाया।

मृतकों की पहचान बृजबति गावड़े (57 वर्ष) और मनाय बाई (55 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं अपने मायके डोहलापारा आई हुई थीं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए केशकाल अस्पताल भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दोनों महिलाओं की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
