CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। एक के बाद एक सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य में न्यूनतम तापमान फिलहाल 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार अभी हल्का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, लेकिन तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना कम है।

पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक रहा। माना और दुर्ग को छोड़ दें तो अन्य किसी भी मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे नहीं गया। दिन के समय भी प्रदेश में 28 से 32 डिग्री सेल्सियस तक तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक तीसरे पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले दो दिनों में तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इसके बाद तापमान में फिर से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी के आसार हैं। आने वाले दिनों में हल्की ठंड का असर बना रह सकता है, लेकिन मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
